जिला कारागार हमीरपुर का निरीक्षण एवं जेल लोक अदालत का किया गया आयोजन
सिविल जज सीनियर डिवीजन / एफ.टी.सी. द्वारा 9 वर्ष पुराने वाद का किया गया सफल निस्तारण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर श्रीमती वंदना अग्रवाल द्वारा जिला कारागार हमीरपुर का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान महिला बैरक में 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के बंदियों हेतु स्थापित युवा बैरक, विधिक सहायता क्लिनिक एवं विधिक सहायता हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों एवं विभिन्न विधिक सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया। सचिव द्वारा विधिक सहायता क्लिनिक एवं हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन तथा पात्र बंदियों को समयबद्ध विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।इसी क्रम में जिला कारागार परिसर में जेल लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एफ.टी.सी. श्रीमती अमीय भाषिनी द्वारा वादों की सुनवाई की गई। उनके प्रयासों से लगभग 9 वर्ष से लंबित एक वाद का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया ।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र बंदी को समयबद्ध एवं प्रभावी निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा कारागारों में विधिक सेवाओं को सुदृढ़ बनाना है। नियमित निरीक्षण एवं जेल लोक अदालत का आयोजन इसी उद्देश्य की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं।