विवि और एमकेटी सॉफ्टवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड के मध्य एमओयू
- एआई कौशल विकास एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग को मिलेगा नया आयाम
- उद्योग और विवि के मध्य ज्ञान एवं तकनीकी आदान-प्रदान को मिलेगा बढ़ावा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। विवि की सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन (CSJMIF) एवं एमकेटी सॉफ्टवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड के मध्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, कौशल विकास, उद्यमिता, अनुसंधान तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।यह एमओयू कुलपति के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जो विश्वविद्यालय की उद्योगों के साथ सार्थक सहभागिता स्थापित कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख एवं भविष्य की तकनीकों पर आधारित अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विवि के कुलसचिव राकेश मिश्रा, सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. दिव्यांश शुक्ला, डीन, इनोवेशन, स्टार्टअप एवं एंटरप्रेन्योरशिप डॉ. शिल्पा डी. कैस्था, तथा एमकेटी सॉफ्टवेयर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अमित तिवारी उपस्थित रहे। समझौते के अंतर्गत विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित उन्नत प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। प्रशिक्षण के प्रमुख मॉड्यूलों में एआई फंडामेंटल्स, जनरेटिव एआई एवं प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, रिस्पॉन्सिबल एआई, एआई प्रोडक्टिविटी टूल्स, पायथन फॉर एआई, डेटा एनालिटिक्स, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग, कंप्यूटर विज़न, एआई एजेंट्स, रिट्रीवल ऑगमेंटेड जनरेशन , डॉक्यूमेंट-आधारित एआई, विश्वविद्यालय-विशिष्ट एआई उपयोग, कैपस्टोन प्रोजेक्ट्स तथा करियर रेडीनेस एवं पोर्टफोलियो निर्माण जैसे विषय शामिल होंगे।एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, लाइव प्रोजेक्ट्स, अनुसंधान सहयोग, तकनीकी विकास, स्टार्टअप मेंटरशिप, नवाचार कार्यक्रमों एवं प्लेसमेंट से जुड़े अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उद्योग एवं विश्वविद्यालय के मध्य ज्ञान एवं तकनीकी आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा, जिससे विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण में कार्य करने का अनुभव प्राप्त होगा तथा उनकी तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक क्षमता एवं उद्यमशीलता कौशल का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। यह एमओयू सीएसजेएम विश्वविद्यालय एवं सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन द्वारा उद्योग जगत के साथ मजबूत सहयोग स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप अत्याधुनिक तकनीकी कौशल, एआई दक्षता एवं रोजगारोन्मुख अवसर प्रदान करने के विश्वविद्यालय के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा।