कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन बुकिंग 10 अगस्त तक, किसान समय से करें आवेदन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद के किसानों के लिए कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। उप कृषि निदेशक, हमीरपुर ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक किसान 16 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से 10 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि योजनाओं के अंतर्गत कल्टीवेटर, हैरो, रोटावेटर, पावर चाफ कटर, कम्बाइन हार्वेस्टर, स्ट्रा रीपर, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, लेजर लैंड लेवलर, राइस ट्रांसप्लांटर, एम.बी. प्लाऊ, बेलिंग मशीन, पैडी स्ट्रा चॉपर, स्ट्रा रैक, श्रब मास्टर, फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, पैकिंग मशीन, मिनी दाल मिल, मिनी राइस मिल, मल्टी क्रॉप थ्रेसर, ऑयल मिल सहित फसल अवशेष प्रबंधन एवं कृषि यंत्रीकरण से जुड़े अनेक कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषकों को कृषि विभाग की वेबसाइट पर जाकर "यंत्र बुकिंग प्रारम्भ" लिंक के माध्यम से अपने विकास खण्ड के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। किसी विकास खण्ड में निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में लाभार्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। वहीं ₹10,000 तक के अनुदान वाले कृषि यंत्रों का चयन "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के सभी किसानों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन बुकिंग कराने की अपील करते हुए कहा कि शासन की कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर खेती को आधुनिक, लागत प्रभावी एवं लाभकारी बनाया जा सकता है।