यूपीयूएमएस सैफई में आधुनिक 1000 mA डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन का शुभारंभ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई ने मरीजों को बेहतर एवं अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए रेडियो-डायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक 1000 mA डिजिटल रेडियोग्राफी (एक्स-रे) मशीन का शुभारंभ किया। ट्रॉमा सेंटर भवन के कक्ष संख्या-11 में स्थापित इस नई मशीन का लोकार्पण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने किया।इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा कि किसी भी गंभीर बीमारी के प्रभावी उपचार की पहली शर्त उसका समय पर और सटीक पहचान है। आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीकों का समावेश स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक ले जाता है। उन्होंने कहा कि यूपीयूएमएस सैफई का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को महानगरों जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। नई डिजिटल एक्स-रे मशीन इसी संकल्प का हिस्सा है, जिससे मरीजों की जांच अधिक तेज, सटीक एवं सुविधाजनक होगी तथा अनावश्यक प्रतीक्षा समय भी कम होगा।उन्होंने रेडियो-डायग्नोसिस विभाग की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय निरंतर चिकित्सा अधोसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए कार्य कर रहा है, ताकि मरीजों को एक ही परिसर में विश्वस्तरीय जांच एवं उपचार की सुविधाएं मिल सकें।रेडियो-डायग्नोसिस विभाग में स्थापित यह 1000 mA डिजिटल रेडियोग्राफी मशीन अत्याधुनिक डिजिटल इमेजिंग तकनीक से सुसज्जित है। इसके माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली एक्स-रे छवियां कम समय में प्राप्त होंगी, जिससे चिकित्सकों को रोगों का अधिक सटीक पहचान करने में सहायता मिलेगी। इस सुविधा का लाभ विशेष रूप से इटावा सहित आसपास के जनपदों से आने वाले हजारों मरीजों को मिलेगा।कार्यक्रम में डीन प्रो. (डॉ.) आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) एस. पी. सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, कुलसचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मल कुमार, डॉ. अतुल मिश्रा सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक, तकनीकी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इसे यूपीयूएमएस सैफई की आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
|