अपर पुलिस अधीक्षक ने श्रावण मास के दृष्टिगत चौपरेश्वर राम धाम मंदिर का निरीक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ, हमीरपुर l श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा एवं श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर द्वारा थाना राठ क्षेत्रान्तर्गत स्थित चौपरेश्वर राम धाम मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा के संबंध में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस अवसर पर संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने, सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके तथा कानून-व्यवस्था पूर्णतः बनाए रखी जा सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहा।