पीडब्ल्यूडी की उदासीनता के चलते तालाब बना दुग्ध डेरी मार्ग
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l मंगलवार दोपहर हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं कस्बे के दुग्ध डेयरी मार्ग की बदहाल तस्वीर फिर सामने आ गई। बारिश के बाद पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी की उदासीनता के कारण यह सड़क वर्षों से जर्जर पड़ी है। हल्की बारिश में भी सड़क पर जलभराव और कीचड़ हो जाता है, जिससे आवागमन कठिन हो जाता है। रामसनेही साहू, संत दयाल, अनूप राज, राजू और बुद्धि प्रकाश सहित अन्य लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान इस मार्ग से निकलना जोखिम भरा हो जाता है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेंद्र शिवहरे ने बताया कि दुग्ध डेयरी मार्ग पीडब्ल्यूडी के अधीन है। सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए विभाग को मरम्मत के लिए पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो वह मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराएंगे।