कैथा किसान हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
-हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद; अन्य आरोपियों की तलाश जारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l कैथा गांव में किसान वीरपाल राजपूत की हत्या के मामले में राठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को कैथा गांव निवासी 55 वर्षीय वीरपाल राजपूत पर पुरानी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल वीरपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मामले में मृतक के पुत्र विपिन राजपूत की तहरीर पर द्रगसिंह, रोहित, मोहित, कमलेश राजपूत और कृष्णपाल के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को वांछित आरोपी द्रगसिंह 58 वर्षीय निवासी ग्राम कैथा को कैथा सदर नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि मामले के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह, उपनिरीक्षक शिवमणि मिश्रा, कांस्टेबल दिलीप कुमार, कांस्टेबल निर्भान सिंह राजपूत तथा रिजर्व कांस्टेबल बलवीर यादव शामिल रहे।