वेतन रोका जाना गैर कानूनी : बिजली कर्मियों में आक्रोश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | केस्को के अंतर्गत अगस्त माह की 5 तारीख तक 472 कर्मचारियों का वेतन भुगतान न होने के कारण आज विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, के पदाधिकारियों एवं बिजली कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक केस्को का घेराव किया। कर्मचारियों ने कहा हमारे बच्चों की फीस बकाया हो गई है, लोन की किश्तें बाउंस हो गई है, घर में राशन नहीं है और बिना कारण वेतन रोका गया है। कर्मचारियों ने पोर्टिको में बैठकर इंकलाब जिंदाबाद, वेतन का भुगतान करो, आदि नारे लगाने शुरू कर दिए, जिस पर प्रबंधन की तरफ से 376 कर्मचारियों का वेतन जारी करने के लिए कहा गया। लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि जब तक शेष 96 कर्मचारियों का वेतन भी नहीं भुगतान होगा आंदोलन जारी रहेगा। मुख्यालय पर पी एस बाजपई, बी के अवस्थी, रफीक अहमद, आरिफ बेग, कपिल मुनि प्रकाश, राम शंकर मिश्रा, गौरव दीक्षित, राम संवर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
|