फूलबाग से गंगा बैराज तक गूंजेंगी देशभक्ति की धुनें
*आईटीबीपी बैंड पांच दिनों में शहर के प्रमुख स्थलों पर देगा सांगीतिक प्रस्तुतियां
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत सांगीतिक प्रस्तुतियां होंगी। 32वीं वाहिनी आईटीबीपी की ओर से नौ से 14 अगस्त के बीच फूलबाग, गंगा बैराज, जेड स्क्वायर मॉल, जेके टेंपल और कारगिल पार्क में बैंड प्रदर्शनी एवं सांगीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
32वीं वाहिनी के सेनानी गौरव प्रसाद के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार नौ अगस्त को फूलबाग से होगी। यहां शाम 5:30 से रात 8:20 बजे तक आईटीबीपी बैंड प्रस्तुति देगा। इसके बाद 11 अगस्त को गंगा बैराज पर शाम पांच से सात बजे तक देशभक्ति की धुनें सुनाई देंगी।
12 अगस्त को जेड स्क्वायर मॉल में शाम 6:30 से रात नौ बजे तक बैंड की प्रस्तुति होगी। 13 अगस्त को जेके टेंपल में शाम चार से छह बजे और 14 अगस्त को कारगिल पार्क में शाम छह से रात आठ बजे तक सांगीतिक प्रस्तुति एवं बैंड प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
आईटीबीपी की 32वीं वाहिनी ने शहरवासियों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आजादी के उत्सव में भागीदारी करने की अपील की है।
यहां होंगी प्रस्तुतियां
09 अगस्त: फूलबाग — शाम 5:30 से रात 8:20 बजे तक
11 अगस्त: गंगा बैराज — शाम 5:00 से 7:00 बजे तक
12 अगस्त: जेड स्क्वायर मॉल — शाम 6:30 से रात 9:00 बजे तक
13 अगस्त: जेके टेंपल — शाम 4:00 से 6:00 बजे तक
14 अगस्त: कारगिल पार्क — शाम 6:00 से रात 8:00 बजे तक