चंदूपुर में सड़क समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन की त्वरित पहल, ईंट, बजरी व रेत का पुराव कर रोलर से कराया गया समतलीकरण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l ग्राम चंदूपुर में सड़क की समस्या के समाधान हेतु जिला प्रशासन द्वारा त्वरित एवं निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को आवागमन में तत्काल राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सड़क मार्ग को सुगम बनाने का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
इसी क्रम में आज चंदूपुर गांव के सड़क मार्ग पर ईंट, बजरी, रेत आदि सामग्री का पुराव कराते हुए रोलर के माध्यम से सड़क का समतलीकरण कार्य कराया गया। समतलीकरण के उपरांत मार्ग की स्थिति में काफी सुधार हुआ है तथा इसे आवागमन के लिए अधिक सुगम बनाया गया है। इससे ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को आने-जाने में हो रही कठिनाई में तत्काल राहत मिली है l
वीडियो में ग्राम चंदूपुर एवं ब्रह्मा का डेरा के प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने भी बताया कि सड़क मार्ग के सुधार एवं समतलीकरण के बाद उन्हें विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है। बच्चों ने बताया कि अब रास्ता सुगम हो गया है और वे आसानी से स्कूल आ-जा रहे हैं। विद्यार्थियों के इस सकारात्मक फीडबैक से सड़क सुधार कार्य से उन्हें मिली तत्काल सुविधा परिलक्षित होती है।
चंदूपुर ग्राम की सड़क समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभागीय प्रक्रिया शासन स्तर पर प्रचलित है। सड़क निर्माण संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जा चुका है। शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार स्थायी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा स्थायी निर्माण की प्रक्रिया के साथ-साथ वर्तमान में मार्ग को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार तत्काल राहत एवं सुधार कार्य भी कराए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि स्थायी सड़क निर्माण होने तक ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्रामवासियों को सहूलियत पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता में है। जिलाधिकारी के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है, ताकि चंदूपुर एवं ब्रह्मा का डेरा के ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों को आवागमन से संबंधित किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।