यूपीयूएमएस, सैफई में सफलतापूर्वक की गई ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी
जिला संवाददाता शरद यादव
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने अत्यधिक बड़े एवं भारी स्तनों की समस्या से पीड़ित एक 27 वर्षीय महिला मरीज की ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी (रिडक्शन मैमोप्लास्टी) सफलतापूर्वक की है।मरीज लंबे समय से अत्यधिक बड़े स्तनों के कारण गर्दन एवं पीठ में दर्द, कंधों पर दबाव तथा दैनिक गतिविधियों में असुविधा का सामना कर रही थी। विस्तृत जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श के बाद सर्जरी की योजना बनाई गई। ऑपरेशन के दौरान अतिरिक्त ऊतकों को सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से हटाकर स्तनों के आकार एवं स्वरूप को संतुलित किया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है।यह जटिल शल्यक्रिया प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल सक्सेना के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। टीम में डॉ. भूपेश गोगिया एवं डॉ. गौतम मुरुगन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि एनेस्थीसिया प्रबंधन डॉ. उर्वशी यादव द्वारा किया गया।डॉ. अतुल सक्सेना ने बताया कि ब्रेस्ट रिडक्शन सर्जरी केवल सौंदर्य संबंधी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि अत्यधिक बड़े स्तनों के कारण होने वाले गर्दन, कंधे एवं पीठ के दर्द तथा दैनिक गतिविधियों में होने वाली परेशानी से राहत दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के नेतृत्व में यूपीयूएमएस, सैफई में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं विशेषज्ञ सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को जटिल एवं विशेष उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सके।यह सफल सर्जरी यूपीयूएमएस, सैफई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की उन्नत एवं विशेष शल्य चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
|