नगर निगम जांच: कर्मचारी के 'सम्मान' में 50 हजार का प्रमिला सभागार किया फ्री- एक बाबू निलंबित, दो जेई पर कार्रवाई की तैयारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नगर निगम में जब से एसआईटी और विजिलेंस जांच शूरु हुए है, आये दिन नये किस्से देखनें कौन मिल रहे हैं। अब तो लोग यहां तक कहने लगे हैं कि बकरे की माँ कब तक ........! भ्रष्टाचार को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों की जांच जारी है, लेकिन इसी बीच नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार एक संगठन को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी की सिफारिश पर फ्री में आवंटित कर दिया गया।खास बात यह है कि इसी कार्यक्रम में नगर निगम के उस चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनोद कुमार का सम्मान किया गया, जिसके खिलाफ ठेकेदारों पर दबाव बनाने वाले सिंडीकेट से जुड़े होने की जांच में बात सामने आई है। कानपुर महानगर अखंड भारत संकल्प समिति की ओर से रविवार देर शाम को प्रमिला सभागार में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसी दौरान संयुक्त वाहन चालक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और नगर निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनोद कुमार को भी सम्मानित किया गया।शनिवार को पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल की जांच में विनोद कुमार के उस सिंडीकेट का सदस्य होने की बात सामने आई थी, जिस पर सफेदपोशों की मदद से ठेकेदारों पर दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। वहीं, विनोद कुमार को दो सरकारी बंगले आवंटित होने का मामला भी पहले से चर्चा में है। सोशल मीडिया पर विनोद के सम्मान और सभागार निःशुल्क आवंटित होने का मामला वायरल होने के बाद नगर निगम के अफसरों के बीच खलबली मच गई। अधिकारियों का कहना है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पार्षद कोटे से सभागार निःशुल्क आवंटित किया गया था।नगर निगम की फाइलों की जांच में गड़बड़ियां सामने आने पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मुख्य अभियंता कार्यालय में तैनात बाबू सरदार भूपेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। वहीं, दो अवर अभियंताओं (जेई) के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजी है। पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े करीब 35-40 पार्षदों के जुटने की चर्चा दिनभर रही। बताया गया कि बैठक में नगर निगम में चल रही कार्रवाई और जांच को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, पार्षद नवीन पंडित ने बताया कि उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी पर साथी पार्षद उनका हाल लेने पहुंचे थे। नवीन पंडित ने कहा कि प्रशासन की कार्रवाई का पार्षद समर्थन करते हैं।