राहुल गांधी पर मुकदमे के विरोध में कांग्रेसियों का मार्च, पुलिस से झड़प
- तिलक हाल से निकले कार्यकर्ताओं को कोतवाली चौराहे पर रोका, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। उत्तराखंड के हल्द्वानी में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के विरोध में कांग्रेसियों ने मंगलवार को तिलक हाल स्थित कांग्रेस कार्यालय से विरोध मार्च निकाला। कोतवाली चौराहे पर पुलिस ने रस्सा लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई।कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिलक हाल से मार्च करते हुए कोतवाली चौराहे पहुंचे। वहां एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लोकतंत्र विरोधी बताते हुए नारेबाजी की। काफी देर तक चले विरोध के बाद जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीपी कोतवाली को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा खारिज करने तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कथित अपमान के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। संदीप शुक्ला ने आरोप लगाया कि खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल का कथित रूप से शुद्धीकरण कराया जाना दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने इसी घटना को लेकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने चेतावनी दी कि दोनों मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में सतीश दीक्षित, राम चंद्र गुप्ता, ईखलाक डेविड, अंकित कन्नौजिया, कुनकुन खान, शिवम पटवा, संदीप मिश्रा, गुड्डू पाल, एजाज रशीद, शुभम राजपूत, अभिषेक सिंह राजावत, उस्मान सोनू, निखिल गुप्ता, गोविंद यादव, माना यादव, इरफान, हनी सिंह पाल और राजेंद्र बाल्मीकि आदि मौजूद रहे।