आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए यूपीयूएमएस सैफई में ईएसआईसी द्वारा हुआ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस इटावा। कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय, इटावा द्वारा उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय , सैफई, इटावा में प्रिवेंटिव एवं प्रमोटिव स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकृत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना रहा।
शिविर में चिकित्सालय में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत तथा ईसआई योजना में पंजीकृत कुल 150 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान लाभार्थियों की ब्लड प्रेशर , पल्स, वजन, ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा लाभार्थियों को आवश्यक औषधियों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान लाभार्थियों को कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईसआई योजना) एवं इसके अंतर्गत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों एवं शिविर में उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा कैंसर से बचाव, समय पर स्वास्थ्य जांच, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
टीबी उन्मूलन अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता सत्र के माध्यम से टीबी के प्रमुख लक्षणों, संक्रमण फैलने के तरीकों, बचाव के उपायों तथा उपलब्ध निःशुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं अन्य गैर-संचारी रोगों की रोकथाम तथा मौसमी संक्रामक रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी लाभार्थियों को जागरूक किया गया। नियमित स्वास्थ्य जांच और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय, इटावा की ओर से प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अपूर्वा गुप्ता, फार्मासिस्ट राजेश कुमार यादव, ड्रेसर सुशील कुमार यादव, लैब टेक्नीशियन आयुषी, फौजपाल यादव एवं नरेश सिंह उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह की मानवीय पहल एवं प्रभावी प्रशासनिक प्रयासों के परिणामस्वरूप यूपीयूएमएस, सैफई में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों, जो कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकृत हैं, के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन संभव हो सका। इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल पर ही आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के माध्यम से कर्मचारियों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोगों की रोकथाम, समय पर स्वास्थ्य जांच, संतुलित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।