9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ, नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बांटे गए नियुक्ति पत्र
*विधायिका नीलिमा कटियार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किया सम्मानित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जनपद कानपुर नगर में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों के सापेक्ष रिकॉर्ड 256 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की पारदर्शी चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई है। इसी क्रम में आज 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के अवसर पर विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र की मा0 विधायिका नीलिमा कटियार की गरिमामयी उपस्थिति में नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
मा0 विधायिका एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा कल्याणपुर क्षेत्र की चार नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ ही शहर द्वितीय क्षेत्र से राधा देवी, वर्षा साहू, ज्योति, कल्पना सविता, सरिता कुशवाहा तथा शहर प्रथम क्षेत्र से रश्मि गौतम, अल्क्षा युनुस, पुष्पांजलि, पूजा एवं श्वेता को मंच पर आमंत्रित कर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मा0 विधायिका नीलिमा कटियार ने कहा कि जब प्रथम राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ हुआ था, तब उनके द्वारा प्रदेश में पोषण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए थे। आज 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर अभियान के व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप को देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी एवं मा0 मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच के कारण पोषण अभियान को नई दिशा मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित कार्यक्रम बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने तथा सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
*आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में चार महत्वपूर्ण घोषणाएं*
कार्यक्रम में मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के हित में की गई चार महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी दी गई। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में 4,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करते हुए कुल मानदेय 12,000 रुपये तथा सहायिकाओं के मानदेय में 2,000 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करते हुए कुल मानदेय 6,000 रुपये किया गया है।
इसके अतिरिक्त फ्रंटलाइन कर्मियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने तथा वर्ष में दो साड़ियों के स्थान पर तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजे जाने की घोषणा की गई है।
*‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के साथ पोषण माह का शुभारंभ*
09 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विकास भवन से विशाल पोषण रैली भी निकाली गई। भारत सरकार द्वारा इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य पोषण एवं बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों में सामुदायिक सहभागिता, स्वामित्व एवं जवाबदेही को बढ़ावा देना है।
एक माह तक चलने वाले अभियान के दौरान आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन, आंगनबाड़ी केंद्रों पर गरम एवं ताजा पका भोजन (एचसीएम), आंगनबाड़ी प्रबंधन समितियों (एएमसी) की सक्रियता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शत-प्रतिशत पात्र महिलाओं का पंजीकरण जैसी प्राथमिकताओं पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित*
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न गतिविधियों के बेहतर संचालन, एसएएम बच्चों की स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, ईसीसीई गतिविधियों के संचालन तथा केंद्रों को नियमानुसार एवं नियमित रूप से संचालित करने में सराहनीय योगदान के लिए शहर द्वितीय क्षेत्र की नीलम शर्मा, विमला कुशवाहा एवं गीता कश्यप को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विभागीय अधिकारियों ने सभी नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ राष्ट्रीय पोषण अभियान से जुड़कर जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समन्वय में परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पुष्पा देवी, दीपू सिंह चौहान, रत्ना श्रीवास्तव, रुचि, प्रतिभा, आस्था द्विवेदी, शरद अवस्थी, सुरजीत सिंह एवं अविरल कुमार (सीडीपीओ) सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा महिला कल्याण विभाग की ओर से सभी अतिथियों एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।