12 सितंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अभिनव तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026, दिन शनिवार (द्वितीय शनिवार) को किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर अनमोल पाल द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। पूर्णकालिक सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन 12 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे दीवानी न्यायालय परिसर के प्रथम तल स्थित मीटिंग हॉल में किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना वाद, सिविल वाद, फैमिली वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, एनआई एक्ट वाद, राजस्व वाद तथा चालानी वादों सहित विभिन्न प्रकार के मामलों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अपने लंबित अथवा प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए इसका लाभ उठाएं। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित एवं सरल निस्तारण संभव है।
|