ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, सात परिवारों के 35 लोगों को राहत शिविर में कराया शिफ्ट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के दृष्टिगत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित आबादी तक आवागमन, राहत शिविर, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
तिवारी घाट, पुराना कानपुर की गलियों में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित होने की सूचना पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। यहां प्रभावित सात परिवारों के कुल 35 लोगों को कंपोजिट विद्यालय कन्या, पुराना कानपुर में संचालित बाढ़ राहत शिविर में सुरक्षित रूप से शिफ्ट कराया गया। शिविर में प्रभावित परिवारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसी क्रम में भोपालपुरवा, भगवानदीनपुरवा और बनियापुरवा की आबादी में गंगा का पानी पहुंचने की सूचना पर स्थलीय निरीक्षण कराया गया। मौके पर पाया गया कि घरों में पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन संपर्क मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने चार नाव और दो ट्रैक्टर निःशुल्क लगाए हैं।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बनियापुरवा चौराहे पर बाढ़ राहत चौकी स्थापित कर दी गई है। भोपालपुरवा-बनियापुरवा बैराज मार्ग पर राहत शिविर संचालित किया जा रहा है। आमजन के साथ मवेशियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए मेडिकल कैंप भी सक्रिय कर दिए गए हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप राहत एवं बचाव व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।