तीजा मेला स्थल पर एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी से निगरानी के दिए निर्देश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने सोमवार को थाना सुमेरपुर क्षेत्र में चल रहे तीजा मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेला परिसर में श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, महिला हेल्प डेस्क और पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से मेला स्थल पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने निर्देशित किया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस द्वारा तीजा मेला स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता एवं निगरानी की जा रही है।