लापरवाही: सीवर के गड्ढे में बाइक समेत समाया डिलीवरी ब्वॉय, गंभीर
- गड्ढे के आसपास नहीं थी बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जाजमऊ के हिंदुस्तान कंपाउंड में मंगलवार देर रात डिलीवरी बॉय बाइक समेत खुले गड्ढे में जा गिरा। सिर पर हेलमेट लगा होने से उसकी जान बच गई, लेकिन हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह उसे गड्ढे से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले गए। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बुधवार को लोगों ने घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बताया, मंगलवार देर रात डिलीवरी बॉय पुल की तरफ से ऑर्डर लेकर आ रहा था। सड़क पर अंधेरा होने के कारण उसे गड्डा दिखाई नहीं दिया। तेज रफ्तार बाइक समेत वह गड्ढे में जा गिरा। राहगीरों ने घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर विभाग ने गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था की होती तो हादसा टल सकता था।पार्षदपति फ़क़र इक़बाल ने बताया- ये काम नगर निगम द्वारा कराया जा रहा है। काम पूरा हो चुका है। जल्द उसे भरवाकर पाट दिया जाएगा।