स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण में पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले
*साफ-सफाई एवं औषधियों के रखरखाव में मिली कमियां, वेतन रोकने के निर्देश*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानकारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक, एएनएम एवं सपोर्ट स्टाफ सहित तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुश्ता का निरीक्षण किया गया, जहां लैब टेक्नीशियन एवं सपोर्ट स्टाफ सहित दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई तथा चिकित्सालय परिसर में झाड़ियां उगी हुई थीं। औषधियों के रखरखाव की व्यवस्था भी उचित नहीं मिली। डीवीडीएमएस पोर्टल पर औषधियों के रखरखाव एवं खारिज किए गए विवरण का अंकन भी नहीं पाया गया। साथ ही, चिकित्सा अधीक्षक द्वारा कई माह से स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण नहीं किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अनुपस्थित पाए गए समस्त कर्मियों का आज का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा अधीक्षक, शिवराजपुर को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का स्वयं निरीक्षण कर औषधियों के उचित रखरखाव तथा डीवीडीएमएस पोर्टल पर संबंधित विवरण दर्ज कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही, चिकित्सालय परिसर में उगी झाड़ियों की साफ-सफाई कराकर अनुपालन आख्या प्रेषित करने के निर्देश दिए।