जितेंद्र की विदाई,महेंद्र सिंह तंवर बने शहर के नए डीएम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जितेंद्र प्रताप सिंह ने जनवरी 2025 में डीएम का पद संभाला था। इस बीते डेढ़ वर्ष के कार्यकाल के दौरान जितेंद्र प्रताप सिंह की पहचान आम लोगों की समस्याओं पर सीधे हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई करने वाले अधिकारी के रूप में बनी। जनता दर्शन में गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं पर उन्होंने कई बार तत्काल कार्रवाई कराई।प्रशासनिक स्तर पर उन्होंने लापरवाही और अनियमितताओं के मामलों में कार्रवाई को लेकर सख्त रुख अपनाया। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, विभागीय कामकाज और भ्रष्टाचार संबंधी मामलों में अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई उनके कार्यकाल की प्रमुख चर्चाओं में रही। तबादले के बाद अब उनकी नई जिम्मेदारी राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक की होगी। कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। तंवर 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। हरियाणा के रोहतक जिले के मूल निवासी महेंद्र सिंह तंवर ने टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। सिविल सेवा में आने से पहले उन्होंने निजी क्षेत्र में करीब दो वर्ष काम किया। वह गाजियाबाद के नगर आयुक्त, गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, शाहजहांपुर के सीडीओ और बहराइच व एटा में संयुक्त मजिस्ट्रेट जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें कुशीनगर का डीएम बनाया गया था। इससे पहले वह संतकबीरनगर के डीएम रहे। गोरखपुर में जीडीए उपाध्यक्ष रहते हुए अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई और विभिन्न विकास परियोजनाएं चर्चा में रही थीं।
|