हजरत हकीम उददीन निजामी रह. के उर्स में उमडा अकीदतमंदों का जनसैलाब
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा, हमीरपुर l बुंदेलखंड के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत बाबा निजामी रह० के जानशीन हजरत बाबा हकीम उद्दीन निजामी रह० का सालाना उर्स मंगलवार को अकीदत व शानो-शौकत के साथ मनाया गया। उर्स के मौके पर आस्ताने में सुबह कुरानख्वानी हुई। इसके बाद सालाना फातिहा और लंगर का आयोजन किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बाद नमाज-ए-असर बाबा के पैतृक मकान से गाजे-बाजे के साथ चादर निकाली गई। चादर विभिन्न मोहल्लों से होते हुए आस्ताने पर पहुंची, जहां अकीदतमंदों ने चादरपोशी की। इस दौरान हजारों की संख्या में जायरीन और अकीदतमंद मौजूद रहे। चादरपोशी के बाद मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की गई। देर शाम आस्ताने में कव्वाली की महफिल सजी। क्षेत्रीय कव्वालों के साथ बाहरी कव्वालों ने भी अपने कलाम पेश कर महफिल में समां बांध दिया। उर्स का समापन बुधवार को कुल की फातिहा के साथ होगा।
बड़ी पीर दरगाह पर उर्स शुरू
इसी क्रम में मोहल्ला फत्तेपुर स्थित बड़ी पीर दरगाह पर हजरत शेख अब्दुल कादिर जीलानी बड़े पीर र०अ० का सालाना उर्स भी अकीदत के साथ शुरू हो गया है। उर्स के मौके पर बुधवार को बाद नमाज-ए-जुहर मोहल्ला चौधराना स्थित चौपारी मस्जिद से जुलूस-ए-गौसिया निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर अकीदतमंदों में उत्साह है।