जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी की नई शुरुआत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के ऑर्थाेपेडिक्स विभाग में स्पाइन सर्जरी के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ी है। विभाग में अब एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी जैसी आधुनिक एवं न्यूनतम इनवेसिव तकनीक से उपचार की शुरुआत की गई है।बीते सोमवार को डॉ. रवि गर्ग की देखरेख में भर्ती एक महिला मरीज की एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह ऑपरेशन डॉ. रवि गर्ग, डॉ. चंदन कुमार एवं डॉ. विश्वजीत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। सर्जरी के दौरान एनेस्थीसिया टीम से डॉ. मीनाक्षी एवं डॉ. रत्नेश का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक रही तथा मरीज को सर्जरी के दूसरे दिन ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।आर्थोपैडिक डॉ रवि गर्ग ने बताया कि एंडोस्कोपिक स्पाइन सर्जरी आधुनिक न्यूनतम इनवेसिव सर्जिकल तकनीकों में से एक है। इसमें पारंपरिक ओपन सर्जरी की तुलना में छोटे चीरे के माध्यम से ऑपरेशन किया जाता है, जिससे आसपास के ऊतकों को अपेक्षाकृत कम नुकसान पहुंचता है। इसके संभावित लाभों में कम पोस्टऑपरेटिव दर्द, कम रक्तस्राव, शीघ्र मोबिलाइजेशन, कम अवधि का अस्पताल प्रवास तथा अपेक्षाकृत तेज रिकवरी शामिल हैं। यह पहल विभाग में आधुनिक स्पाइन सर्जिकल तकनीकों के विस्तार तथा मरीजों को कम इनवेसिव और आधुनिक उपचार विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
|