कुलपति ने तीन दिवसीय किसान मेला की तैयारियों पर की समीक्षा बैठक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए में तीन साल बाद तीन दिवसीय किसान मेला और कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। 15 से 17 अक्तूबर को आयोजित होने वाले किसान मेले की तैयारियों को लेकर कुलपति डॉ संजीव गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।किसान मेले का आयोजन विश्वविद्यालय के मुख्य भवन के परिसर में किया जाएगा। समीक्षा बैठक में तय हुआ कि इस वर्ष स्टॉल की संख्या को बढ़ाया जाएगा। इस साल 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। निदेशक प्रसार डॉ. वी के त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्रीय किसान मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तर भारत के 7 राज्यों से 25 से तीस हजार किसान मेले में पहुंचेंगे। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि किसान मेले में किसानों को औषधीय गुणों, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज सहित अन्य विषयों के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही किसानों एवं कृषि उद्यमियों के प्रश्नों का समाधान किया जाएगा। साथ ही, सीएसए द्वारा संचालित 15 कृषि विज्ञान केंद्रों, आईसीएआर संस्थानों, सरकारी संस्थाओं,एफपीओ एवं गैर सरकारी संगठनों द्वारा आधुनिक तकनीकों से तैयार की गई फल,सब्जी, धान, गेहूं,दलहन एवं तिलहन की उन्नत फसलों एवं बीजों तथा तकनीकियों का किसान अवलोकन कर सकेंगे।
|