विश्व आवास दिवस पर गंगा टास्क फोर्स ने चलाया जन जागरूकता अभियान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | विश्व आवास दिवस के अवसर पर गंगा टास्क फोर्स की ओर से शिवनाथ शिवदास मौर्य इंटर कॉलेज, सरसौल में जन जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ आवास के साथ-साथ स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने कहा कि बेहतर आवास केवल एक छत का नाम नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण से जुड़ा मानव अधिकार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विश्व आवास दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के दौर में सुरक्षित आवास के साथ स्वच्छ हवा, स्वच्छ जल और हरित वातावरण भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से “स्वच्छ घर, स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ पर्यावरण” के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने की अपील की।और बताया कि विद्यार्थियों को जल की एक-एक बूंद बचाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और उनके छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ एवं सुरक्षित आवास के संदेश के साथ हुआ एवं छात्रों को पौधे वितरण किए गए।
|