आलू किसानों के हित में शीतगृहों का निरीक्षण
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।जनपद में आलू उत्पादक किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को उप निदेशक उद्यान,कानपुर मंडल मुकेश कुमार एवं जिला उद्यान अधिकारी कन्नौज आशीष कटियार ने विभिन्न शीतगृहों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मानिमऊ स्थित नारायण कोल्ड स्टोरेज, रामचन्द्र कोल्ड स्टोरेज,कुमार कोल्ड स्टोरेज एवं जय गोविन्दा कोल्ड स्टोरेज का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौजूद किसानों को उद्यान विभाग द्वारा संचालित आलू विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। किसानों को भाव स्थिरता योजना तथा निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने पात्र किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।उप निदेशक उद्यान मुकेश कुमार ने कहा कि शासन की मंशा किसानों को उनकी उपज का बेहतर लाभ दिलाने,कृषि लागत कम करने तथा उद्यानिकी फसलों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाकर उनका आर्थिक सशक्तीकरण करना है।उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार समय से आवेदन करने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।निरीक्षण के बाद उप निदेशक उद्यान ने मुख्यमंत्री राज्य औद्योगिक विकास योजना तथा अनुसूचित जाति/जनजाति कृषकों के लिए औद्योगिक विकास योजना (राज्य सेक्टर) के तहत पंजीकृत एवं चयनित किसानों को संकर शाकभाजी और गेंदे के उन्नत बीज वितरित किए।इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को उन्नत बीजों का वैज्ञानिक ढंग से उपयोग करने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन पर ध्यान देने तथा उद्यान विभाग की अन्य योजनाओं से जुड़कर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।जिला उद्यान अधिकारी आशीष कटियार ने बताया कि विभाग की ओर से किसानों को योजनाओं की जानकारी,तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।इसका उद्देश्य जनपद में उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के साथ किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित करना है।