अखिलेश की गिरफ्तारी पर कन्नौज में सपाइयों का प्रदर्शन
-मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, भाजपा के खिलाफ की नारेबाजीकन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में 19 विपक्षी दलों के सेव डेमोक्रेसी मार्च को पुलिस द्वारा रोके जाने और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कन्नौज में सपाइयों ने प्रदर्शन किया। अखिलेश यादव की हिरासत की खबर मिलते ही जिले में सपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।कन्नौज शहर के तिर्वा क्रॉसिंग स्थित लोहिया प्रतिमा के निकट सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे ने कहा कि अखिलेश यादव लगातार जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। ऐसे में उन्हें हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने अखिलेश यादव को तत्काल रिहा करने की मांग की।सपा नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्ष हैं तो विपक्ष की बात भी सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में पुलिस द्वारा बच्चों और प्रदर्शनकारियों के साथ किए गए व्यवहार पर भी नाराजगी जताई।सपाइयों ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ और एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई।सपा का प्रदर्शन तिर्वा, छिबरामऊ और गुरसहायगंज समेत जिले के कई स्थानों पर हुआ। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। शाम तक विभिन्न स्थानों पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। अखिलेश यादव के रिहा होने की खबर के बाद कार्यकर्ताओं का आक्रोश शांत होता नजर आया।इस दौरान जिलाध्यक्ष कलीम खान,पूर्व विधायक, इंद्रेश यादव, दिगंबर सिंह यादव, बंटी शर्मा, अर्चना मिश्रा समेत बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।