नई ओपीडी में मरीजों के लिए मैजिक शो का आयोजन
-सेंटर ऑफ हैप्पीनेस की पहल से मरीजों के चेहरे पर आई मुस्कान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई की नई ओपीडी में मरीजों एवं उनके परिजनों के मानसिक तनाव को कम करने तथा उनके बीच सकारात्मक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से सेंटर ऑफ हैप्पीनेस द्वारा मैजिक शो का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध जादूगर एस. कादिर ने विभिन्न जादुई प्रस्तुतियों के माध्यम से मरीजों एवं उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने उपस्थित होकर जादूगर सैयद कादिर की प्रस्तुति की सराहना की तथा सेंटर ऑफ हैप्पीनेस द्वारा मरीजों के लिए किए जा रहे इस प्रकार के प्रयासों को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ-साथ मरीजों के लिए सकारात्मक एवं प्रसन्न वातावरण उपलब्ध कराना भी उनकी समग्र देखभाल का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, कुलानुशासक डॉ. विजय मिश्रा एवं उपकुलसचिव डॉ. विक्रम राठौर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मरीजों की सुविधा एवं मानसिक प्रसन्नता को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की रचनात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।