बारिश से हुई नष्ट फसल का सर्वे न होने से किसानों का फूटा गुस्सा डीएम से लगाई गुहार
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। बारिश से फसल नष्ट होने के बावजूद सर्वे न किए जाने से परेशान सरीला तहसील क्षेत्र के ग्राम भेड़ी के करीब तीन दर्जन किसानों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। किसानों का आरोप है कि फसल का बीमा होने के बाद भी अब तक नुकसान का सर्वे नहीं कराया गया है, जिससे उन्हें बीमा क्लेम मिलने को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।किसानों ने लेखपाल संदीप पर फसल सर्वे न करने और अपने कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन संबंधित स्तर पर सर्वे नहीं होने से उन्हें आर्थिक राहत मिलने में दिक्कत हो रही है।मामले को लेकर किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नष्ट फसल का सर्वे कराए जाने और जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी ने किसानों की शिकायत सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।