जनपद में बाढ़ प्रभावित किसानों, अतिवृष्टि से जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में 78.52 लाख रुपये की सहायता वितरित
*422 किसानों को 8.71 लाख रुपये का कृषि निवेश अनुदान, जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में 69.80 लाख रुपये की सहायता
*जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने प्रभावित किसानों को वितरित किए सहायता राशि के चेक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जनपद में बाढ़ प्रभावित किसानों तथा अतिवृष्टि से जनहानि एवं मकान क्षति के मामलों में कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसमें बाढ़ से प्रभावित 422 किसानों को आज वितरित की गई 8 लाख 71 हजार 548 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता भी शामिल है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित कृषि निवेश अनुदान वितरण कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने प्रभावित किसानों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इस अवसर पर गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि आपदा से प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से सहायता उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। आज बाढ़ प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान सहायता वितरित की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित प्रत्येक पात्र किसान को समय से सहायता उपलब्ध कराई जाए और कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे।
जनपद की सदर तहसील में गंगा नदी की बाढ़ से प्रभावित पांच गांवों हिन्दूपुर, चिरान, प्रतापपुर हरि, पृथ्वीगंज और कटरी ख्योरा के 387 किसानों को 7 लाख 73 हजार 375 रुपये की कृषि निवेश अनुदान सहायता प्रदान की गई है। इन गांवों में बाढ़ से कुल 22.4761 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ था।
इसी प्रकार नर्वल तहसील में पांडु नदी की बाढ़ से प्रभावित ग्राम देवसढ़ के मजरा खेड़ा डोमनपुर के 35 किसानों को 98 हजार 173 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। यहां 5.0607 हेक्टेयर कृषि क्षेत्रफल प्रभावित हुआ था। इस प्रकार दोनों तहसीलों में कुल 27.5368 हेक्टेयर प्रभावित कृषि क्षेत्रफल के सापेक्ष 422 किसानों को कृषि निवेश अनुदान सहायता उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम में सहायता राशि प्राप्त करने वाले किसानों में संबूदयाल, जगदीश, तुलसीराम, मुन्ना, राकेश, कालीचरण, रमेश, जगन्नाथ, सुरेश और सैम शामिल रहे।
*अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों को भी आर्थिक सहायता*
जनपद में एक अप्रैल से अब तक अतिवृष्टि के कारण हुई 15 जनहानियों के मामलों में प्रभावित परिवारों को कुल 60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त 207 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों के लिए 8 लाख 28 हजार रुपये, पांच आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों के लिए 32 हजार 500 रुपये तथा एक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की गृह अनुदान सहायता प्रदान की गई है।
इस प्रकार जनहानि एवं आवासीय क्षति के मामलों में कुल 69 लाख 80 हजार 500 रुपये की सहायता प्रदान की गई है। कृषि निवेश अनुदान को मिलाकर जनपद में संबंधित आपदा प्रभावितों को कुल 78 लाख 52 हजार 48 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी, तहसीलदार सदर विनय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।