आयुक्त ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा अजीत कुमार ने दीवान शत्रुघ्न सिंह जिला अस्पताल पुरुष का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, पेयजल, साफ-सफाई तथा चिकित्सकों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उक्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
आयुक्त ने वर्तमान मौसम में डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों की आशंका को देखते हुए आवश्यक दवाओं, जांच सुविधाओं एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डेंगू के संदिग्ध एवं पुष्ट मरीजों की समुचित जांच और उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार मरीजों की निगरानी एवं भर्ती की व्यवस्था रखी जाए। अस्पताल परिसर एवं वार्डों में साफ-सफाई, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की रोकथाम तथा मरीजों एवं तीमारदारों के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने, समय से उपचार उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।