जनपद की चारों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सुनी गईं 237 जनसमस्याएं, 35 का मौके पर निस्तारण
-मिशन शक्ति के दृष्टिगत राठ में आयोजित हुआ पिंक संपूर्ण समाधान दिवस
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की चारों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 237 जनसमस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। आयुक्त, चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा राजेश एस. ने तहसील सदर हमीरपुर में जनसमस्याएं सुनीं। वहीं, जिलाधिकारी अशोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने तहसील राठ में आयोजित पिंक संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसीलवार विवरण के अनुसार, तहसील राठ में सर्वाधिक 125 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सदर हमीरपुर में प्राप्त 42 शिकायतों में से 13, तहसील सरीला में प्राप्त 35 शिकायतों में से 04 तथा तहसील मौदहा में प्राप्त 35 शिकायतों में से 03 शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मिशन शक्ति अभियान के दृष्टिगत तहसील राठ में पिंक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं सहित अन्य फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक एवं संतोषजनक राहत मिलनी चाहिए।
पिंक संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल एवं सहायता शिविर लगाए गए। इनमें किसान सम्मान निधि, महिला कल्याण, आयुष्मान भारत, खाद्य एवं रसद विभाग, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित स्टॉल शामिल रहे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में ‘गौरी प्रेरणा कैंटीन’ का फीता काटकर लोकार्पण किया। यह पहल महिला सशक्तीकरण एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए आजीविका के अवसरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मिशन शक्ति की थीम पर तैयार की गई रंगोली का भी अधिकारियों ने अवलोकन किया। रंगोली के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह यादव, उपजिलाधिकारी राठ, क्षेत्राधिकारी राठ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।