पीईटी-2026 की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश
-इस्लामिया इंटर कॉलेज एवं राजकीय इंटर कॉलेज में सीसीटीवी कंट्रोल रूम एवं कक्ष निरीक्षकों को चेतावनी—परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को जनपद में पारदर्शी, शुचितापूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार के साथ इस्लामिया इंटर कॉलेज हमीरपुर एवं राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की जा रही तैयारियों, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम, परीक्षा कक्षों तथा कक्ष निरीक्षकों के प्रशिक्षण का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया तथा कैमरों की क्रियाशीलता और निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा कक्षों एवं केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें और निगरानी व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। परीक्षा से संबंधित सभी तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते जांचकर दुरुस्त किया जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
परीक्षा कक्षों में प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध रहें। संबंधित अधिकारी परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पुनः परीक्षण कर लें, जिससे परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखना संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों की जिम्मेदारी है। सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।
कक्ष निरीक्षकों के प्रशिक्षण का निरीक्षण, नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर में कक्ष निरीक्षकों को दिए जा रहे प्रशिक्षण का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी लेते हुए कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा संबंधी सभी नियमों, प्रक्रियाओं एवं अपने दायित्वों की पूरी जानकारी रखें। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की जांच, उपस्थिति, ओएमआर शीट के वितरण तथा अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का सावधानीपूर्वक अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सभी संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारी है। सभी कक्ष निरीक्षक पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं, किसी भी स्तर पर चूक अक्षम्य
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी, तकनीकी संसाधनों एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा चूक अक्षम्य होगी। सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।