नगर पुलिस की तत्परता ने 04 वर्षीय बच्ची को सकुशल परिजनों से मिलाया
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l थाना कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत दीक्षित स्वीट हाउस के पास सड़क पर करीब 04 वर्षीय बच्ची अकेले घूमती हुई मिली। स्थानीय लोगों द्वारा पूछताछ करने पर बच्ची अपना नाम-पता नहीं बता सकी, जिस पर उसे सुरक्षित थाने लाकर मिशन केन्द्र में बैठाया गया।
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा बच्ची की पहचान सुनिश्चित करने हेतु उसका फोटो लेकर कस्बे के वार्ड सदस्यों एवं सभासदों से संपर्क कर जानकारी की गई। प्रयासों के दौरान बच्ची की पहचान मोहल्ला खालेपुरा निवासी प्रमोद तिवारी की पुत्री आरोही के रूप में हुई। इसके उपरान्त बच्ची की माता रेखा तिवारी से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया गया।
पूछताछ में माता द्वारा बताया गया कि वह अपने छोटे बच्चे के साथ कमरे में सो गई थीं तथा घर का दरवाजा खुला होने के कारण बच्ची खेलते हुए बाहर निकलकर सड़क पर चली गई थी।
थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा बच्ची को सकुशल उसकी माता रेखा तिवारी की सुपुर्दगी में दिया गया। बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस टीम की तत्परता एवं सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।