दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में ‘अपना वोट जानें’ विषय पर युवा संवाद
- छात्राओं ने नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ विकसित भारत युवा संवाद में उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | दयानंद गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, कानपुर में युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त सहयोग से ‘अपना वोट जानें’ विषय पर विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. विजय रत्ना तोमर, ब्लॉक प्रमुख, सरसौल एवं भाजपा उत्तर प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय युवा आइकन एवं युवा संसद प्रतिभागी वैष्णवी गुप्ता तथा सेवानिवृत्त अपर आयुक्त के.सी. पांडेय उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्राओं को मतदान के महत्व, मताधिकार एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जागरूक नागरिक बनने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। के.सी. पांडेय ने ‘नशामुक्त भारत अभियान’ पर व्याख्यान देते हुए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का आयोजन मेरा युवा भारत, कानपुर नगर की जिला युवा अधिकारी भव्या के समन्वय में हुआ। कार्यक्रम की सफलता में प्राचार्या प्रो. वंदना निगम, निदेशक (स्ववित्तपोषित) प्रो. अर्चना वर्मा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. संगीता सिरोही का विशेष योगदान रहा। कार्यालय अधीक्षक कृष्णेन्द्र श्रीवास्तव ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रवक्तागण सहित 200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।