आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप ScaNxt को रेनमैटर, सिडबी और एग्ज़िम बैंक से मिला निवेश -जलवायु अनुकूल खेती और इलेक्ट्रिक कृषि उपकरणों को मिलेगा बढ़ावा |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में इनक्यूबेटेड डीप-टेक एग्रीटेक (कृषि तकनीक) कंपनी ScaNxt साइंटिफ़िक टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड को ज़ेरोधा की निवेश शाखा रेनमैटर, भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी) और भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एग्ज़िम बैंक) से निवेश मिला है। रेनमैटर ने कंपनी में कितनी राशि का निवेश किया है, इसका ख़ुलासा फ़िलहाल नहीं किया गया है। यह निवेश ScaNxt को मृदा स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कीट पहचान और जलवायु-अनुकूल खेती से जुड़ी अपनी अत्याधुनिक तकनीकों के विस्तार में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। प्राप्त पूंजी का उपयोग उत्पाद विकास में तेजी लाने, अनुसंधान एवं विकास (R&D) को मजबूत करने, चैनल पार्टनर नेटवर्क का विस्तार करने तथा भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में छोटे एवं सीमांत किसानों सहित कृषि क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों तक अपनी तकनीकों की पहुंच बढ़ाने के लिए किया जाएगा ScaNxt का ख़ास प्रोडक्ट 'भू-परीक्षक' बिना रसायनों के मिट्टी की जांच करने में सक्षम है जिसके लिए यह नियर-इन्फ़्रारेड (NIR) तकनीक और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल करता है। कंपनी की पेटेंट प्राप्त 'डिटेक्ट' तकनीक और 'एग्रोलेंस' प्लेटफ़ॉर्म की मदद से खेतों में कीटों की तुरंत पहचान की जा सकती है। साथ ही, ये फ़सलों की देखभाल के लिए जरूरी सलाह भी देते हैं। इसके अलावा, ScaNxt स्वदेशी इलेक्ट्रिक कृषि मशीनों और सौर ऊर्जा से चलने वाले स्मार्ट ड्रायर विकसित कर रही है, ताकि किसान कम खर्च में आधुनिक तकनीक से खेती कर सकें।