चन्द्रावल नदी पर 24.85 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा दीर्घ सेतु
-प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद व सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने हवन-पूजन के साथ किया शिलान्यास
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद में आवागमन की सुविधा को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर सदर के अंतर्गत कैथी-गड़रिया मार्ग पर चन्द्रावल नदी पर निर्मित होने वाले दीर्घ सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्यों का जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद एवं सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति द्वारा विधिविधान से हवन-पूजन कर शिलान्यास किया गया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 24 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये की स्वीकृत लागत आएगी। परियोजना के अंतर्गत चन्द्रावल नदी पर 151.130 मीटर लंबा दीर्घ सेतु बनाया जाएगा। सेतु का निर्माण 5×28.25 मीटर की संरचना में किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों ओर 200-200 मीटर लंबे पहुंच मार्ग तथा कैथी की ओर 488 मीटर और गड़रिया की ओर 311 मीटर लंबे अतिरिक्त पहुंच मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य भी सम्मिलित हैं।
लगभग 2.80 लाख लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
इस दीर्घ सेतु के निर्माण से गड़रिया, गौरी, बहोडरी, जसपुरा, सिकुआं, कुंडाडोल, पड़वनिया, सिकहुला, नजिता, इसौली, कैथी, केसवाही, परहटा, टोला, बैजमऊ, बेरी, गढ़हा, कुटी, बरहटा एवं सिरामपुर आवरा सहित आसपास के गांवों को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी। परियोजना से लगभग 2 लाख 80 हजार की आबादी सीधे लाभान्वित होगी। चन्द्रावल नदी पर सेतु बन जाने से ग्रामीणों को नदी पार करने में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी तथा गांवों के बीच संपर्क और आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो सकेगा।
दिसंबर 2028 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य
परियोजना के लिए शासनादेश दिनांक 18 मार्च 2026 के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई है। शासन द्वारा इसके लिए 8 करोड़ 69 लाख 98 हजार रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। परियोजना को दिसंबर 2028 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
इस दीर्घ सेतु के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति प्राप्त होगी।
परियोजना की कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड, हमीरपुर है।