उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस कराने के लिए 16 से 22 नवम्बर तक चलेगा ‘ज्ञापन दो अभियान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने मार्च 2023 में बिजली कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान ऊर्जा मंत्री के साथ हुए समझौते तथा उनके द्वारा बिजली कर्मियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस लेने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद आज तक इन कार्यवाहियों को वापस न लिए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया है।संघर्ष समिति ने कहा कि मार्च 2023 के आंदोलन के दौरान बिजली कर्मियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस लेने का ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अनेक बिजली कर्मियों को अब तक इन कार्यवाहियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल बिजली कर्मियों बल्कि उनके परिवारों को भी मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है।इसके अतिरिक्त निजीकरण के विरोध में चले आंदोलन के दौरान भी बिजली कर्मियों पर की गई उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां वापस नहीं ली गई हैं। यह स्थिति बिजली कर्मियों में गहरी निराशा और आक्रोश पैदा कर रही है।
इन सभी मुद्दों को लेकर विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आवाहन पर कानपुर में भी 16 नवम्बर से 22 नवम्बर तक ‘ज्ञापन दो अभियान चलाया जाएगा।इस अभियान के अंतर्गत कानपुर के सभी सांसदों, विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर उनसे केस्को में बिजली कर्मियों के न्यायोचित मुद्दों पर हस्तक्षेप करने और उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियां तत्काल वापस कराने की मांग की जाएगी।संघर्ष समिति ने सभी बिजली कर्मचारियों, अभियंताओं एवं संघर्ष समिति के घटक संगठनों से अपील की है कि वे इस अभियान को पूरी गंभीरता और एकजुटता के साथ सफल बनाएं, ताकि बिजली कर्मियों को न्याय मिल सके और उनके परिवारों को अनावश्यक उत्पीड़न से मुक्ति मिल सके।