जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर की अपील, प्रत्येक मतदाता सूची में जांचे अपना नाम
*ईसीआईनेट एप से घर बैठे जांच सकेंगे नाम, मतदान केंद्र और बीएलओ का विवरण*
*युवा मतदाताओं को जोड़ने पर विशेष जोर, 4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची*
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए 17 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। इसी दिन मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। 16 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांचने की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं होने पर फॉर्म-6 तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है। वहीं, मृतक अथवा अन्य कारणों से अपात्र व्यक्तियों के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। सभी आवेदनों एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
*चार विशेष अभियान दिवसों पर मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ*
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन तिथियों पर सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, विवरण में संशोधन तथा नाम हटाने से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने जनपदवासियों से विशेष अभियान दिवसों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा जिनके विवरण में त्रुटि है, वे निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से मतदाता घर बैठे अपना नाम खोज सकते हैं। एप पर संबंधित बीएलओ, मतदान केंद्र एवं अन्य निर्वाचन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध है। मतदाता आवश्यक फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अपने बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ईसीआईनेट एप डाउनलोड कर इसका उपयोग करने की अपील की।
*बीएलओ के साथ बीएलए की भी रहेगी सक्रिय भूमिका*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी बीएलओ को टेबल टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से नियमित कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनसे भी अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने का अनुरोध किया गया है। बीएलओ एवं बीएलए के समन्वित प्रयासों से प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल कराने तथा मृतक एवं अन्य अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
*1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा बन सकेंगे मतदाता*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवा मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके अतिरिक्त वर्ष 2027 की आगामी अर्हता तिथियों 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शुद्ध मतदाता सूची तैयार करना केवल निर्वाचन प्रशासन की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदाता की भी जिम्मेदारी है। सभी पात्र मतदाता अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन करें और आवश्यकतानुसार आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने तथा आगामी विधानसभा निर्वाचन में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने मतदाता सूची की शुद्धता एवं जनभागीदारी में कानपुर नगर को प्रदेश में अग्रणी बनाने का संकल्प दोहराया।