हादसे ने छीनी दो जिंदगियां,टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर व सुपरवाइजर की मौत
-मामला अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के रायगंज चौकी के अंतर्गत राजाराम पैलेस के निकट का
-कन्नौज जिले के थाना ठठिया क्षेत्र के खामा गांव के रहने वाले थे दिवंगत असिस्टेंट मैनेजर
-सड़क दुर्घटना में मौत की खबर पर परिजनों में मचा कोहराम
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता।अयोध्या में बीती रात एक सड़क हादसे में ठठिया क्षेत्र के खामा गांव के रहने वाले 40 वर्षीय युवक सहित उनके एक साथी की दर्दनाक मौत हो गई। खामा के रहने वाले मृतक अयोध्या में टोल प्लाजा पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, वहीं उनके मृतक साथी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत बताए गए हैं।मामले की जानकारी के मुताबिक, ठठिया थाना क्षेत्र के खामा गांव के रहने वाले जगपाल सिंह परिहार के पुत्र मनमोहन सिंह बीते सात वर्षों से अयोध्या के रमई टोल प्लाजा पर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। उनके साथ उनके साथी अयोध्या के थाना रौनाही के गांव तहसीनपुर निवासी 36 वर्षीय अश्वनी पांडे भी सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत बताए गए हैं।जानकारी के मुताबिक अयोध्या में चल रही पंचकोसी परिक्रमा से उपरोक्त दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे।शुक्रवार की रात साढ़े 10 बजे के करीब अयोध्या कोतवाली के रायगंज चौकी के अंतर्गत राजाराम पैलेस के निकट पहुंचते ही उपरोक्त बाइक सवारों को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों साथी गंभीर रूप से घायल हुए। बताया जा रहा है कि, सुपरवाइजर अश्वनी की मौके पर ही मौत हो गई थी।मामले को जानकारी पर स्थानीय पुलिस द्वारा एंबुलेंस की सहायता से दोनों गंभीर घायलों को स्थानीय मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने टोल मैनेजर और उनके सहकर्मी को मृत घोषित कर दिया।मामले की जानकारी दोनों मृतकों के परिजनों तक पहुंची तो कोहराम मच गया।बताते चलें कि ठठिया के खामा गांव निवासी मनमोहन की शादी बीते डेढ़ वर्ष पूर्व विधूना क्षेत्र की रिया से हुई थी,इसके अलावा मनमोहन के कोई संतान नहीं थी।वहीं मृतक अश्वनी की भी शादी हो चुकी थी। उनकी दो बेटियां एक एक 10 वर्ष और एक 13 वर्ष के अलावा एक 10 वर्षीय पुत्र भी है।दोनों परिवारों में हादसे की खबर पर कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक मनमोहन के शव पर परिजनों के करुण क्रंदन का सिलसिला जारी था। वहीं अश्वनी के परिजनों का हाल भी बेहाल था।बताया गया कि पुलिस की मौजूदगी में खामा निवासी मृतक के शव के पोस्टमार्टम के बाद मनमोहन के शव को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। शनिवार की रात 11 बजे तक मनमोहन का शव खामा (ठठिया) उनके आवास पर पहुंच सकता है।गांव में भी घटना की जानकारी पर शोक का माहौल नजर आया।बताते चलें कि अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंचकोसी परिक्रमा चल रही है। ऐसे में परिक्रमा मार्ग के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के चलते उपरोक्त हादसा कैसे हुआ,यह अभी सवाल बना हुआ है।फिलहाल स्थानीय पुलिस संबंधित कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह हादसे को लेकर जांच पड़ताल का सिलसिला जारी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।