कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर डीएम-एसपी अलर्ट, मेंहदी घाट का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश
-मेंहदी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि, व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम
कन्नौज ब्यूरो पवन श्रीवास्तव के साथ प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज एक्सप्रेस कन्नौज संवाददाता। कार्तिक पूर्णिमा मेला पर्व को लेकर डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं एसपी विनोद कुमार ने मेंहदी घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल,चिकित्सा,पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।डीएम ने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग,तीन पालियों में सफाई कर्मियों की तैनाती, पर्याप्त चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल, एंबुलेंस, चिकित्सा कैंप और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा।घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, आपदा मित्रों और सिविल डिफेंस की तैनाती के भी निर्देश दिए।श्रद्धालुओं को फिसलन से बचाने के लिए घाट किनारे बालू से भरी बोरियां लगाने तथा छोटे-बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था करने को कहा।निर्माणाधीन दुकानों में प्रयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने सीमेंट, मौरम और सरिया की जांच कराकर टेस्टिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।वहीं एसपी विनोद कुमार ने मोटरबोटों पर पर्याप्त पुलिसकर्मी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, ड्यूटी रोस्टर के अनुसार पुलिस बल की तैनाती तथा लाउड हेलर, टॉर्च, सीटी और लाइफबॉय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एएसपी अजय कुमार, सीएमओ डॉ. विकास चंद्रा, एसडीएम सदर वैभव गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।