स्वगणना को लेकर बीएसएस कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, लोगों ने मौके पर भरी जानकारी
*21 मई तक चलेगी स्वगणना प्रक्रिया, छात्रों को समझाई गई पूरी प्रक्रिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वगणना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को काकादेव स्थित बीएसएस कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक, स्थानीय निवासी एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को स्वगणना की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि नागरिक 21 मई तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान मौके पर ही कई लोगों को स्वगणना कराकर उसका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
मुख्य अतिथि एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार होती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्वगणना की सुविधा लोगों को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था प्रदान करेगी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी स्वगणना करें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की भावी योजनाओं की आधारशिला है। स्वगणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी सही जानकारी दर्ज कर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता निभा सकते हैं। कार्यक्रम में लोगों को स्वगणना पोर्टल https://se.census.gov.in के बारे में भी जानकारी दी गई तथा जनगणना से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।