लेखपाल संघ ने सरकार को दिया अल्टीमेटमः 5 अगस्त से अतिरिक्त कार्यों का बहिष्कार करेंगे लेखपाल
-कन्नौज में एसडीएम वैभव गुप्ता वहीं तिर्वा में मुख्य विकास अधिकारी और एसडीएम वैशाली को संगठन ने सौंपा ज्ञापन
संवाददाता प्रिंस श्रीवास्तव
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कन्नौज।कन्नौज में लेखपाल संघ ने अपनी मांगों को लेकर राजस्व परिषद की अध्यक्ष के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें अगले 4 दिनों में न मानी गई तो 5 अगस्त से वह लोग अतिरिक्त कार्यभार छोड़ देंगे।सिर्फ जरूरी काम ही करेंगे।लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार और जिला मंत्री अभिषेक द्विवेदी ने संगठन के सदस्यों के साथ शनिवार दोपहर 2 बजे एसडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौपा। राजस्व परिषद की अध्यक्ष के नाम ज्ञापन में लेखपालों ने पदोन्नति की सूची जारी करने और गृह जनपद के नजदीक तैनाती करने की मांग की।लेखपालों ने बताया कि वर्ष 2023-24 और 2024-25 की पदोन्नति की सूचियां 28 अक्टूबर 2024 को जारी कर दी गई थी। लेकिन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची अब तक जारी नहीं की गई। जबकि पदोन्नति समिति की कार्यवाही 29 अप्रैल 2026 को पूरी हो चुकी थी।लेखपाल संघ के जिला मंत्री अभिषेक द्विवेदी ने बताया कि 21 महीने से डीपीसी न होने से लेखपालों में असंतोष व्याप्त है। 2025-26 की पदोन्नति सूची अविलंब घोषित की जाए। इसके अलावा तमाम लेखपाल अपने गृह जनपद और गृह मंडल से 400 से 800 किलोमीटर दूर काम कर रहे हैं। जिससे उन्हें परिवार से दूर रहना पड़ रहा है। लेखपालों के तमाम भत्ते लंबित पड़े हैं। महंगाई के कारण भत्तों को बढ़ाया जाए।लेखपाल अभिषेक ने बताया कि हम लोगों ने एसडीएम के माध्यम से राजस्व परिषद की अध्यक्ष को मांग पत्र भेज दिया है। यदि अगले 4 दिनों में मांगें न मानी गई तो लेखपाल अपने अतिरिक्त प्रभार वाले काम छोड़ देंगे। सिर्फ वही काम करेंगे जो उनकी तैनाती वाले क्षेत्र के होंगे।