पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के कॉलेज ऑफ कम्युनिटी साइंस के प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग द्वारा विश्वविद्यालय के कैंपस स्कूल में स्कूली बच्चों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक, व्यक्तिगत एवं पर्यावरणीय विषयों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।कार्यक्रम के दौरान बी.एससी. द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक एवं प्रेरक कहानियों के माध्यम से बच्चों को सड़क सुरक्षा, गुड टच एवं बैड टच, प्रदूषण से बचाव तथा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। विद्यार्थियों ने सरल एवं रोचक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने, अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संदेश दिया। बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रस्तुत संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।यह कार्यक्रम प्रसार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विनिता सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह के निर्देशन में किया गया। दोनों शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन कराया।कार्यक्रम के समापन पर कैंपस स्कूल के प्रधानाचार्य श्री राठौर ने विभाग, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।
|