लेखपाल संघ ने खोला मोर्चा, 5 अगस्त से अतिरिक्त कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी
-लंबित मांगों को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस लखनऊ। अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उप शाखा तहसील सरोजनीनगर ने 01 अगस्त को राजस्व परिषद की अध्यक्ष के नाम उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि 5 अगस्त 2026 तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के लेखपाल अतिरिक्त कार्यों का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन में संघ ने अंतरमंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने, वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम व प्रमाणपत्र घोषित करने, विभिन्न भत्तों में वृद्धि, भूलेख एवं अन्य सहायक पटलों से संबद्ध लेखपालों को कार्यमुक्त करने तथा ग्राम सचिवालय रोस्टर व्यवस्था समाप्त करने सहित कई मांगें रखी हैं। संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों के कारण लेखपालों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 5 अगस्त से लेखपाल केवल अपने मूल हल्के का कार्य करेंगे और अतिरिक्त हल्कों व ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार करेंगे। यदि इससे राजस्व प्रशासन या जनसेवा प्रभावित होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं राजस्व परिषद की होगी। ज्ञापन देने वालों में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उप शाखा सरोजनीनगर के अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा, तहसील मंत्री अमृतांजलि सिंह, संजय कुमार शुक्ला, आनंद तिवारी, विवेक बहादुर सिंह, सुनील कुमार सिंह, दिनेश कुमार, सौरभ शुक्ला, शिवांगी गुप्ता सहित तहसील के सभी लेखपाल उपस्थित रहे।