मां चौरा देवी मंदिर में बिछड़ी 04 वर्षीय बच्ची को महिला आरक्षी सेजल झा ने सकुशल परिजनों से मिलाया
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चौरा देवी मंदिर परिसर में आयोजित मेले के दौरान सुबह 7:15 बजे लगभग एक 04 वर्षीय बच्ची के अपने परिजनों से बिछड़ गई। बच्ची के परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल पा रहा था, जिससे परिजन परेशान थे। उसी समय थाना कोतवाली नगर में तैनात महिला आरक्षी सेजल झा ड्यूटी पर मौजूद थीं। बच्ची के गुम होने की जानकारी मिलते ही महिला आरक्षी ने संवेदनशीलता एवं तत्परता का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए बच्ची की तलाश शुरू की। उन्होंने परिजनों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर परिसर तथा मेले में बच्ची को खोजना प्रारम्भ किया।
महिला आरक्षी सेजल झा के त्वरित प्रयासों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से गुम हुई बच्ची को सकुशल खोज लिया गया तथा उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और महिला आरक्षी के इस सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा भी महिला आरक्षी की तत्परता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की गई।