जल जीवन मिशन के कार्यों का अपर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, तीन दिन में शेष कनेक्शन पूरे करने के निर्देश
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने विकासखंड मुस्करा के ग्राम लोदीपुर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पुनर्गठन पेयजल योजना के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में बताया गया कि ग्राम लोदीपुर पूर्व से जल संस्थान की योजना से आच्छादित है, जिसके सुदृढ़ीकरण के लिए पुनर्गठन का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में श्री हरि इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कार्य कराया जा रहा है तथा कार्य पूर्ण होने के बाद योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी आईटी वर्ल्ड इंटरनेशनल को सौंपी जाएगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी की उपस्थिति में ग्राम निवासी अरविंद पुत्र मन्ना सिंह के घर पर नया पेयजल कनेक्शन लगाया गया। योजना के तहत घरों में मजबूत लोहे के स्टैंड पर पीतल की टोटियां लगाई जा रही हैं। कुछ घरों में कनेक्शन को क्लैंप एवं सीमेंट के माध्यम से व्यवस्थित रूप से स्थापित किया जा रहा है। संबंधित कंपनी के ब्लॉक इंचार्ज अमित वर्मा की देखरेख में कार्य प्रगति पर है। योजना के अंतर्गत लगभग 70 से 80 कनेक्शन शेष हैं, जिन्हें आगामी तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजय सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि घरों में लगाए जा रहे नल एवं अन्य उपकरणों को सुरक्षित रखें तथा उन्हें उखाड़कर बेचने से बचें। उन्होंने कहा कि पेयजल कनेक्शन का उचित उपयोग एवं संरक्षण आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलती रहे।