दीपावली की रौशनी के बीच बस यात्रियों के चेहरे पर मायूसी देख, रात 2 बजे उनके साथ खड़े हुए बउआ ठाकुर, सबको पहुँचवाया उनके सुरक्षित स्थान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l दीपावली के पावन पर्व पर जब पूरा शहर दीयों की रोशनी और जश्न में डूबा था, तब हमीरपुर बस स्टैंड पर अमानवीयता का एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक प्राइवेट बस चालक की संवेदनहीनता के चलते दर्जनों यात्रियों को आधी रात में बस स्टैंड पर बेसहारा छोड़ दिया गया। इस मुसीबत की घड़ी में जनसेवक बउआ ठाकुर संकटमोचक बनकर सामने आए और रात 2 बजे मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक रवाना करवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली की देर रात बउआ ठाकुर को उनके परिचितों द्वारा सूचना मिली कि एक प्राइवेट बस ने अपनी मनमानी करते हुए महिलाओं, बुजुर्गों और मासूम बच्चों सहित सभी सवारियों को हमीरपुर बस स्टैंड पर उतार दिया है। त्यौहार के दिन अपनों के पास पहुंचने की आस में निकले इन यात्रियों के चेहरों पर खौफ, मायूसी और बेबसी छाई हुई थी।
रात 2 बजे मौके पर पहुँचे बउआ ठाकुर, बस मालिक को लगाई फटकार
इस घटना की जानकारी मिलते ही बउआ ठाकुर का हृदय व्यथित हो उठा। बिना एक पल की परवाह किए, वे रात 2 बजे ठंड में तुरंत अपने घर से निकले और सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। बस स्टैंड पर सहमे हुए यात्रियों को देखकर उन्होंने तुरंत बस मालिक को फोन पर कड़े शब्दों में फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि आम जनमानस और माताओं-बहनों के साथ इस तरह की मनमानी व असंवेदनशीलता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके तुरंत बाद, उन्होंने अपने स्तर से त्वरित प्रबंध करते हुए सभी फंसे हुए यात्रियों के लिए आगे की सुरक्षित यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित की।