कानपुर में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए 35,779 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता का आकलन, जिलाधिकारी ने नाबार्ड की पीएलपी 2027-28 का किया विमोचन
*रोजगारपरक योजनाओं के लंबित आवेदनों पर जिलाधिकारी ने जताई गहरी नाराजगी, शीघ्र निस्तारण के निर्देश
*ऋण-जमा अनुपात बढ़कर हुआ 54.87 प्रतिशत, 60 प्रतिशत के आदर्श मानक तक पहुंचाने पर विशेष जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर अंकित विभिन्न योजनाओं की प्रगति के संबंध में बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मार्च 2025 में यह 53.70 प्रतिशत था, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 54.87 प्रतिशत हो गया है। सितंबर तिमाही में जनपद में बैंकों की कुल जमा राशि में 3,667.63 करोड़ रुपये तथा ऋण राशि में 2,934.60 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। जिलाधिकारी ने बैंकर्स को ऋण वितरण में तेजी लाते हुए ऋण-जमा अनुपात को 60 प्रतिशत के आदर्श मानक तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा कानपुर नगर के लिए तैयार वित्तीय वर्ष 2027-28 की संभाव्यतायुक्त ऋण योजना (पीएलपी) का विमोचन किया। योजना में जनपद के प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए कुल 35,779 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता का आकलन किया गया है। इसमें कृषि क्षेत्र के लिए 6,420 करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के लिए 27,787 करोड़ रुपये तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए 1,571 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता आकलित की गई है।
नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुसार नाबार्ड द्वारा प्रतिवर्ष संभाव्यतायुक्त ऋण योजना तैयार की जाती है। जिलाधिकारी ने बैंकर्स को आगामी वित्तीय वर्ष की वार्षिक ऋण योजना (एसीपी) के लक्ष्य निर्धारित करते समय पीएलपी में आकलित संभाव्यताओं को आधार बनाने तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने रोजगार एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत बैंकों में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों का सोमवार तक प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा दिसंबर प्रारंभ होने से पूर्व सभी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में बताया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 1,245 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत तीनों चरणों में कुल 9,500 ऋण वितरित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने दोनों योजनाओं की बैंकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 1,161 ऋण खातों में 11.13 करोड़ रुपये का वितरण किया गया है। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत 7.63 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी का वितरण किया गया है। जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। योजना के अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 15,764 आवेदनों में ऋण वितरण किया गया है। जिलाधिकारी ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना एवं मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत बैंकों में लंबित आवेदनों का भी प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आदित्य चंद्रा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।