बाल विवाह उन्मूलन दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन
वरिष्ठ संवाददाता प्रदीप सचान
कानपुर नगर। बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर 27 नवंबर 2026 को नवीन सभागार, सरसैयाघाट, कानपुर नगर में बाल विवाह जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जैन, महिला कल्याण विभाग उपनिदेशक श्री पुनीत मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती प्रीति सिन्हा, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विकास सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बाल विवाह न करने तथा इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास एवं उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है। इसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर कैलाश नाथ के बच्चों द्वारा बाल विवाह विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से उस बालिका को सम्मानित किया गया, जिसने विभाग के सहयोग से अपना बाल विवाह रुकवाकर शिक्षा एवं बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया। बालिका का सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। उसकी साहसपूर्ण पहल ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक होकर कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, इसकी रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना तथा इस दिशा में सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना रहा।